

कोरबा, 4 अगस्त 2026। शासकीय ई.वी.पी.जी. महाविद्यालय, कोरबा में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने देश के युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि “नशा जीवन को खोखला कर देता है। यह व्यक्ति की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है और पूरे परिवार को संकट में डाल देता है।” उन्होंने युवाओं से अनुशासन, सकारात्मक सोच और संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। मंत्री ने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने का आग्रह करते हुए महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नशे के कारण परिवार टूट रहे हैं और अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन की शपथ भी दिलाई गई।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि “नशे को ‘ना’ कहें, जिंदगी को ‘हाँ’।” उन्होंने कहा कि नशे की लत धीरे-धीरे गलत संगति और परिस्थितियों के कारण लगती है, इसलिए शुरुआत से ही इससे दूरी बनाना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने शरीर को सबसे बड़ी पूंजी मानकर उसकी रक्षा करने की सीख दी।
कलेक्टर ने बताया कि “माय भारत फॉर युवा” अभियान के तहत जिले में 58 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 32 हजार से अधिक युवा अब तक अभियान से जुड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से हर सप्ताह नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, पार्षद नरेंद्र देवांगन, प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी.एल. साय, नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह, प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधि, एनएसएस स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

