
गेवरा। एसईसीएल की गेवरा मेगा परियोजना में देश की पहली 21 घनमीटर क्षमता वाली इलेक्ट्रो-हाइड्रोलिक फेस शावेल मशीन का शुभारंभ किया गया। एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने फीता काटकर मशीन को परिचालन में शामिल किया।
बड़े पैमाने पर कोयला उत्पादन के लिए प्रसिद्ध गेवरा परियोजना में इस अत्याधुनिक मशीन की तैनाती को खनन क्षमता और परिचालन दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मशीन की वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 53.1 लाख घनमीटर है।
नई फेस शावेल मशीन में उत्पादन क्षमता के साथ-साथ सुरक्षा और परिचालन निगरानी को बेहतर बनाने के लिए कई आधुनिक प्रणालियां भी स्थापित की गई हैं। इससे खनन कार्यों में दक्षता बढ़ने के साथ सुरक्षित और सुचारु संचालन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
एसईसीएल की गेवरा परियोजना में अत्याधुनिक खनन तकनीक के उपयोग से कोयला उत्पादन को और गति मिलने तथा परियोजना की समग्र परिचालन क्षमता में वृद्धि होने की संभावना है।

