


रायपुर। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल गए प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार लगातार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटा रही है।
अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति का पता चला है। इनमें दो नागरिकों के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है, जबकि रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित हैं और छत्तीसगढ़ लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं बिलासपुर की प्रियंका चौधरी और सुरगुजा की डॉ. मीना गुप्ता अब भी लापता बताई जा रही हैं।
मोनिका यादव और मंजू राय चौधरी के परिजनों से संपर्क
रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन के अनुसार अब मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। उनकी स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।
इसी तरह बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। प्रशासन उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन करते हुए आवश्यक समन्वय कर रहा है।
प्रियंका और डॉ. मीना की तलाश जारी
बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास जारी हैं।
वहीं सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, भी नेपाल में लापता बताई गई हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों से समन्वय किया जा रहा है।
रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित
रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। सभी पांच नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।
सरकार की निगरानी लगातार जारी
नेपाल में आपदा की स्थिति के बीच राज्य सरकार जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रही है। नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए रखा जा रहा है।
राज्य सरकार ने अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
हेल्पलाइन:
टोल फ्री – 1070
कंट्रोल रूम – 0771-2223471

