

रायपुर, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कैम्प कार्यालय बगिया से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के जरिए अब विज्ञान के प्रयोग, मॉडल और आधुनिक तकनीकी गतिविधियां सीधे स्कूलों तक पहुंचेंगी। खासतौर पर उन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा, जहां आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों तक पहुंच सीमित है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बच्चों में अपने आसपास की दुनिया को जानने-समझने की स्वाभाविक जिज्ञासा होती है। इस जिज्ञासा को प्रयोग, वैज्ञानिक सोच और नवाचार से जोड़ना जरूरी है। ‘साइंस ऑन व्हील्स’ विद्यार्थियों को किताबों में पढ़े विज्ञान को वास्तविक प्रयोगों के जरिए समझने का अवसर देगा। इससे बच्चों में सवाल पूछने, प्रयोग करने और वैज्ञानिक तरीके से समस्याओं का समाधान खोजने की प्रवृत्ति विकसित होगी।
चार प्रमुख मॉड्यूल से सीखेंगे विद्यार्थी
‘साइंस ऑन व्हील्स’ में विद्यार्थियों को मुख्य रूप से अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स, सतत विकास और जल निस्पंदन जैसे विषयों से जोड़ा जाएगा। वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोग और प्रदर्शनियों के माध्यम से बच्चों को जटिल विषयों को सरल और रोचक तरीके से समझाया जाएगा।
अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के जरिए विद्यार्थी ब्रह्मांड और अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी हासिल करेंगे, जबकि रोबोटिक्स उन्हें नई तकनीकों और भविष्य के तकनीकी कौशल से परिचित कराएगा। सतत विकास मॉड्यूल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की समझ विकसित की जाएगी। वहीं जल निस्पंदन के प्रयोगों से स्वच्छ जल, जल संरक्षण और वैज्ञानिक समाधानों की जानकारी दी जाएगी।
सिर्फ एक दिन का प्रदर्शन नहीं, निरंतर विज्ञान से जुड़ाव पर जोर
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल एक बार प्रयोग दिखाना नहीं, बल्कि उनमें विज्ञान और तकनीक के प्रति स्थायी रुचि विकसित करना है। गतिविधियों और प्रयोगों के माध्यम से बच्चों को स्वयं सवाल पूछने, उनके जवाब तलाशने और नए विचारों पर काम करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पहल के जरिए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच, समस्या-समाधान, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। भविष्य की तकनीकों से शुरुआती परिचय विद्यार्थियों को बदलती तकनीकी दुनिया के लिए तैयार करने में भी मददगार होगा।
तीन राज्यों में संचालित हो रही पहल
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ परियोजना को छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में इसका विशेष उद्देश्य विज्ञान की व्यावहारिक शिक्षा को विद्यार्थियों के करीब लाना और उन्हें नई तकनीक, नवाचार तथा वैज्ञानिक सोच से जोड़ना है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

