

विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश, कर्मचारियों के लिए iGOT प्रशिक्षण अनिवार्य
रायपुर, 11 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के भार साधक सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से जुड़े लंबित प्रकरणों के साथ-साथ रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के सेवा संबंधी प्रकरणों का निराकरण उनकी सेवानिवृत्ति से पहले ही सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी विभागों को विभागवार नियतकालिक सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन एवं अन्य देयकों के भुगतान में अनावश्यक विलंब न हो।
रिक्त और बैकलॉग पदों पर भर्ती में तेजी
बैठक में विभिन्न विभागों में रिक्त पदों एवं बैकलॉग पदों की स्थिति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को सेटअप तैयार कर रिक्तियों की प्रक्रिया पूरी करने तथा भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागीय सचिवों को अपनी-अपनी योजनाओं और कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
लोक सेवा गारंटी समेत विभिन्न पोर्टल की समीक्षा
बैठक में लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक लगभग 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं।
हर माह 1 से 3 iGOT प्रशिक्षण पाठ्यक्रम करना होगा पूरा
मुख्य सचिव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभाग की आवश्यकता के अनुसार प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के लिए प्रतिमाह 1 से 3 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य किए जाने के निर्देश दिए गए।
रिफॉर्म उत्सव में प्रदर्शित होंगे विभागीय सुधार
मुख्य सचिव ने विभागों में किए जा रहे सुधारों की जानकारी व्यवस्थित रूप से तैयार करने को कहा। इन सुधारों एवं नवाचारों को आगामी दिनों में आयोजित होने वाले रिफॉर्म उत्सव अभियान में प्रदर्शित किया जाएगा।
MY Bharat पोर्टल पर युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण
बैठक में केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय के मेरा युवा भारत (MY Bharat) पोर्टल पर राज्य के स्कूलों एवं कॉलेजों में अध्ययनरत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
इसके लिए जिला समन्वयकों और संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों को आपसी समन्वय से अभियान चलाने को कहा गया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, वित्त एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खनिज साधन विभाग एवं मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानंद सहित विभिन्न विभागों के सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
CG NEWS HUB
हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर
प्रणय मिश्रा, संपादक – CG NEWS HUB, बाँकी मोंगरा

