





मां सिद्धिदात्री जन कल्याण समिति बांकी मोंगरा की पहल, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण
CG NEWS HUB | बांकी मोंगरा।
मां सिद्धिदात्री जन कल्याण समिति बांकी मोंगरा द्वारा प्राथमिक शाला गजरा में न्योता भोज, नशामुक्त भारत जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान स्कूली बच्चों को स्वादिष्ट भोजन परोसने के साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा मेधावी विद्यार्थियों और रसोइयों को सम्मानित किया गया।
बच्चों को परोसा गया विशेष भोज
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत संचालित मध्याह्न भोजन कार्यक्रम में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा न्योता भोज की पहल की जा रही है। इसी क्रम में समिति ने प्राथमिक शाला गजरा में न्योता भोज का आयोजन किया। बच्चों को भोजन के साथ केला, खीर और पूरी परोसी गई। इस पहल से बच्चों में उत्साह देखने को मिला।
नशे के दुष्प्रभाव बताए, दिलाया नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत बच्चों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई। उपस्थित अतिथियों ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
समिति के अध्यक्ष श्री मुन्ना लाल साहू ने नशे की लत से होने वाले नुकसान और इससे छुटकारा पाने के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उनकी समिति प्रत्येक माह कम से कम एक विद्यालय में न्योता भोज का आयोजन करने का प्रयास करती है, ताकि बच्चों को प्रोत्साहन मिले और समाज में जनभागीदारी की भावना मजबूत हो।
मेधावी विद्यार्थियों और रसोइयों का सम्मान
कार्यक्रम में कक्षा पहली से पांचवीं तक प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया गया। साथ ही विद्यालय में भोजन तैयार करने वाले रसोइयों का भी सम्मान किया गया। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और नशामुक्ति के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत किया वृक्षारोपण
कार्यक्रम के अंत में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी विद्यालय के बच्चों के समूह को सौंपी गई, ताकि उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
इस अवसर पर समिति के श्री साबित राम साहू, लीलाधर साहू, हरिशंकर दिवाकर, पवन गुप्ता, कन्हैया घृतलहरे, श्रीमती महत्तरीन पटेल, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती राधा यादव, संस्था प्रधान श्रीमती अनुसूया बघेल, शिक्षक हीना झा, हरिहर साहू, वार्ड पार्षद हेमंत जी, स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष एवं सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक भोजन, शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन, नशामुक्त जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

