Pranay mishra
एसईसीएल महाप्रबंधक सचिन तानाजी पाटिल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का मिला विशेष सहयोग, विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित




कुसमुंडा, कोरबा। नेहरू नगर कुसमुंडा में अपराजिता बंग दुर्गा पूजा समिति द्वारा समिति की 21वीं वर्षगांठ के अवसर पर जगत जननी मां दुर्गा की स्थापना एवं भव्य पूजन-अर्चन के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन को सफल बनाने में एसईसीएल के महाप्रबंधक माननीय श्री सचिन तानाजी पाटिल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती उज्ज्वला पाटिल का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। इसके साथ ही श्री अरविंद कुमार राय एवं श्रीमती सुजाता राय, श्री थिरु कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती वृंदा तथा श्री वेणुगोपाल त्रिवेदी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अंशु त्रिवेदी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और पूरे समय आयोजन में सहभागिता निभाई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं ने मोहा मन
दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधियों एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें नृत्य प्रतियोगिता, शंख ध्वनि प्रतियोगिता, प्रश्न मंच, अंताक्षरी, चित्रकला प्रतियोगिता, मोमबत्ती जलाओ प्रतियोगिता और आरती नृत्य प्रतियोगिता प्रमुख रहीं।
इसके अलावा जसगीत की भक्तिमय प्रस्तुति और गोगा जादूगर के मनोरंजक कार्यक्रम ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और मनोरंजन के इस संगम ने पूरे आयोजन को आकर्षक बना दिया। कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित दर्शक पूरे उत्साह के साथ जुड़े रहे।
प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
समिति की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन हुआ और बच्चों, युवाओं सहित अन्य लोगों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
पूजा महोत्सव के दौरान दुर्गा पंडाल में प्रतिदिन भोग-प्रसाद का वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल पहुंचे और मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आनंद लिया।
समिति के पदाधिकारियों एवं मातृशक्ति के प्रयासों की सराहना
अपराजिता बंग दुर्गा पूजा समिति के समस्त पदाधिकारियों एवं मातृशक्ति के समर्पण, लगन और अथक परिश्रम से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समिति के सदस्यों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में आपसी सहयोग, सद्भाव और एकता का संदेश दिया।
समिति की ओर से आयोजन को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी गणमान्य अतिथियों, नगरवासियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

