
घटिया गुणवत्ता के कचरा रिक्शों की सप्लाई की जांच और कार्रवाई की मांग, निराकरण नहीं होने पर नगर पालिका कार्यालय में कचरा सौंपने की चेतावनी
बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में पिछले 7 से 10 दिनों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित होने का मामला सामने आया है। इसको लेकर नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को पत्र लिखकर सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार करने तथा घटिया गुणवत्ता के कचरा रिक्शों की आपूर्ति की जांच कर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि उनके वार्ड सहित आसपास के 5-6 वार्डों के नागरिक लगातार शिकायत कर रहे हैं कि पिछले कई दिनों से घरों से कचरे का उठाव नहीं हो रहा है। इससे मोहल्लों में गंदगी की स्थिति निर्मित हो रही है और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पुराने रिक्शों से हो रहा काम, नए रिक्शों की गुणवत्ता पर सवाल
मधुसूदन दास ने बताया कि शिकायतों की जानकारी लेने पर पता चला कि सफाई कार्य में उपयोग किए जा रहे पुराने रिक्शों की हालत खराब हो चुकी है। निगम के समय मिले पुराने रिक्शों से ही काम लिया जा रहा है। वहीं, नए रिक्शे उपलब्ध कराए जाने के बावजूद उनकी गुणवत्ता बेहद खराब होने की शिकायत है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा घटिया गुणवत्ता के रिक्शे सप्लाई किए गए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
इसके अलावा सफाई कार्य में लगा छोटा हाथी वाहन भी पिछले करीब 10 दिनों से खराब पड़ा है, जिसका अब तक रिपेयरिंग नहीं कराया गया है। वाहनों और संसाधनों की कमी के चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
5 दिन में निराकरण नहीं तो पालिका कार्यालय में सौंपेंगे कचरा
नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने पालिका प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तत्काल शुरू कराने, खराब वाहनों की मरम्मत कराने तथा घटिया गुणवत्ता के रिक्शों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 5 दिवस के भीतर समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो वे क्षेत्र के एकत्रित कचरे को नगर पालिका कार्यालय पहुंचाकर अधिकारियों को सौंपेंगे।
अब देखना होगा कि नेता प्रतिपक्ष की शिकायत और पांच दिवसीय अल्टीमेटम के बाद नगर पालिका प्रशासन सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कितनी तत्परता दिखाता है और घटिया गुणवत्ता के रिक्शों की आपूर्ति के मामले में क्या कार्रवाई करता है।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

