प्रणय मिश्रा
कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे परियोजना से विद्युत खंभों की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने करोड़ों रुपये के इस संगठित चोरी कांड का पर्दाफाश किया है।
जानकारी के अनुसार, सुराकछार से सेन्दुरगढ़-पसान तक बन रही रेलवे लाइन में ओवरहेड विद्युत लाइन स्थापना का कार्य आर.एस. इन्फ्रा प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा कराया जा रहा था। कार्य के लिए उपयोग होने वाले भारी संख्या में रेलवे विद्युत पोल बांकीमोंगरा के 04 नंबर बायपास रोड स्थित बैचिंग प्लांट परिसर के पास सुरक्षित रखे गए थे। निरीक्षण के दौरान कंपनी को 102 विद्युत खंभे गायब मिले, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 42 लाख रुपये से अधिक बताई गई।
शिकायत प्राप्त होने पर बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की। विवेचना के दौरान पुलिस को अकलतरा क्षेत्र में एक ट्रक से कटे हुए रेलवे विद्युत खंभों के टुकड़े बरामद हुए। जांच आगे बढ़ने पर खुलासा हुआ कि आरोपी धरम सिंह राजपूत और राजा खान अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गैस कटर से पोल काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 140 नग कटे हुए विद्युत खंभों के टुकड़े, घटना में प्रयुक्त ट्रक, गैस कटर तथा अन्य उपकरण जब्त किए। मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को पाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। थाना लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद उपजेल कटघोरा भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिन्हा एवं उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही।




