Tuesday, July 28, 2026
HomeNationalकिसानों के लिए राहत: डीएपी उत्पादन लक्ष्य से आगे, देश में उर्वरकों...

किसानों के लिए राहत: डीएपी उत्पादन लक्ष्य से आगे, देश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार


नई दिल्ली। खरीफ सीजन के बीच किसानों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से देश में उर्वरकों का उत्पादन बढ़ा है और पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। विशेष रूप से डीएपी (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) के उत्पादन में पहली तिमाही के दौरान उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
अप्रैल से जून 2026 की पहली तिमाही में डीएपी उत्पादन 8.61 लाख मीट्रिक टन (LMT) के लक्ष्य के मुकाबले 9.84 लाख मीट्रिक टन रहा, जो निर्धारित लक्ष्य से 1.23 लाख मीट्रिक टन अधिक है। अप्रैल में 2.68 LMT के लक्ष्य के मुकाबले 3.03 LMT, मई में 3.01 LMT के लक्ष्य के मुकाबले 3.93 LMT तथा जून में 2.92 LMT के लक्ष्य के मुकाबले 2.88 LMT डीएपी का उत्पादन हुआ।
इसी अवधि में एनपीके उर्वरकों का कुल घरेलू उत्पादन 20.77 LMT तथा एसएसपी का उत्पादन 13.50 LMT दर्ज किया गया। यह उत्पादन खरीफ सीजन में किसानों की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सरकार के अनुसार आयात और घरेलू उत्पादन में बेहतर समन्वय के चलते देश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा वर्षभर की अनुमानित 383.9 LMT आवश्यकता के मुकाबले 197.56 LMT उर्वरकों का भंडार सुरक्षित किया गया है, जो कुल वार्षिक आवश्यकता का 51 प्रतिशत से अधिक है।
2 जुलाई 2026 तक उपलब्ध उर्वरक भंडार इस प्रकार है:
यूरिया – 69.08 LMT
डीएपी – 16.64 LMT
एमओपी – 8.90 LMT
एनपीके – 45.64 LMT
एसएसपी – 23.09 LMT
कुल उपलब्ध भंडार – 163.35 LMT
सरकार ने बताया कि पश्चिम एशिया में उत्पन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद विभिन्न देशों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए उर्वरकों और कच्चे माल की आपूर्ति प्रभावित नहीं होने दी गई। साथ ही प्राकृतिक गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर घरेलू उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई।
सरकार ने दोहराया है कि किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी आवश्यकता के अनुरूप सभी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments