नई दिल्ली/रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि तीजन बाई ने अपनी प्रभावशाली और भव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पंडवानी लोककला को देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में एक विशिष्ट पहचान दिलाई।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा, “सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की इस लोक कला को अपनी भव्य प्रस्तुति से दुनियाभर में एक विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका जाना कला एवं संस्कृति जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!”
तीजन बाई ने अपनी विलक्षण गायन शैली और सशक्त मंच प्रस्तुतियों से पंडवानी को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने महाभारत की कथाओं को अपनी अनूठी प्रस्तुति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया और भारतीय लोक संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मान दिलाया।
उनके निधन से कला एवं संस्कृति जगत में शोक की लहर है। देशभर से कलाकार, साहित्यकार, जनप्रतिनिधि और उनके प्रशंसक उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।



