रायपुर, 16 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने छात्रहित में बड़ा फैसला लेते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। जिन महाविद्यालयों में अभी भी सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक प्रवेश ले सकेंगे। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने विधिवत आदेश जारी कर दिया है।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का मूल ध्येय प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के कई मेधावी विद्यार्थी विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण समय पर प्रवेश नहीं ले पाए थे। सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की निर्धारित तिथि निकल जाने के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक वर्ष खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए।
मंत्री श्री वर्मा ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे प्रवेश के लिए बढ़ाई गई समय-सीमा का पूरा लाभ उठाएं और निर्धारित अवधि के भीतर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।
पहले 31 जुलाई और 14 अगस्त तक थी समय-सीमा
उल्लेखनीय है कि इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तथा कुलपति की अनुमति से प्रवेश की समय-सीमा 14 अगस्त 2026 तक निर्धारित थी। अंतिम तिथि बीतने के बाद भी कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गई थीं। वहीं दूर-दराज के क्षेत्रों के कई अभ्यर्थी विभिन्न कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर सके थे।
इसी को ध्यान में रखते हुए शासन ने प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में प्रवेश का एक और अवसर मिल गया है।



