Pranay mishara
कोरबा
लोकतंत्र के समर्थन और वोट चोरी व SIR को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में निकली पदयात्रा, मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘मोदी जाएगा’ बयान के विरोध में भी जताया गया आक्रोश
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा 30 अक्टूबर को लोकतंत्र के समर्थन में आयोजित विशाल पदयात्रा उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई यह पदयात्रा घंटाघर चौक होते हुए निहारिका क्षेत्र तक पहुंची। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।
पदयात्रा का शुभारंभ कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना के साथ किया गया। इसके पश्चात लगभग शाम 4 बजे विभिन्न नारों के साथ पदयात्रा प्रारंभ हुई। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी स्वस्फूर्त होकर पदयात्रा में शामिल हुए।
वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों का विरोध
भाजपा जिला कोरबा द्वारा आयोजित इस पदयात्रा का उद्देश्य वोट चोरी और SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में अपनी बात रखना था। भाजपा का आरोप है कि इन मुद्दों के नाम पर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के समर्थन में जनजागरण करते हुए ऐसे प्रयासों के विरुद्ध कड़ा संदेश देने का आह्वान किया।
इसके साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए ‘मोदी जाएगा’ बयान के विरोध में भी यह रैली आयोजित की गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस बयान पर विरोध जताते हुए राजनीतिक मर्यादा और लोकतांत्रिक संवाद बनाए रखने का संदेश दिया।
दिग्गज नेताओं सहित महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, नरेंद्र देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, जोगेश लम्बा डॉक्टर राजीव सिंह,नगर पालिक परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष सोनी विकास झा, भाजपा बांकी मोंगरा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा सहित जिले के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
युवा मोर्चा बांकी मोंगरा मंडल अध्यक्ष सूरज मिश्रा, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। महिला मोर्चा की ओर से अनीता राजपूत सहित जिले की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में सहभागिता की।





पदयात्रा में संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के साथ आम नागरिकों की स्वस्फूर्त भागीदारी भी देखने को मिली। आयोजन के माध्यम से भाजपा ने लोकतंत्र के समर्थन में अपनी राजनीतिक विचारधारा और विरोध के मुद्दों को जनता के सामने रखा।

