



सड़क, बिजली, पेयजल और तालाब से जुड़ी मांगों पर अधिकारियों को दिए निरीक्षण एवं निराकरण के निर्देश, कुछ समस्याओं का मौके पर ही हुआ समाधान
बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा द्वारा नगर के प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनके त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जनसंवाद चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 30 एवं 19 के बाद वार्ड क्रमांक 28 धरमपुर में जनसंवाद चौपाल आयोजित की गई।
पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा के नेतृत्व में वार्ड पार्षद श्रवण कुमार, भाजयुमो छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा तथा नगर पालिका के संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वार्ड में पदयात्रा कर विभिन्न गली-मोहल्लों का भ्रमण किया। इस दौरान वार्डवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।
सड़क, बिजली और तालाब की समस्याएं उठीं
वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सड़क, बिजली, पेयजल, तालाब सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को पालिका अध्यक्ष के समक्ष रखा। अध्यक्ष ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
वहीं, कुछ शिकायतों पर मौके पर ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके तहत स्ट्रीट लाइट एवं पेयजल से संबंधित समस्याओं के समाधान की पहल भी की गई।
कार्यालय नहीं, अब वार्डों में पहुंचकर सुनी जा रहीं समस्याएं
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में क्रमशः जनसंवाद चौपाल आयोजित की जाएगी। हमारा प्रयास है कि नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए नगर पालिका कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी स्वयं वार्डों में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनें और समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि नगर के विकास में वार्डवासियों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। जनसंवाद चौपाल के माध्यम से नागरिकों के सुझाव, मांग और समस्याओं को समझकर आवश्यक विकास एवं सुधार कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

