
दिवाली से पहले छत्तीसगढ़ के युवाओं को बड़ी सौगात, सहायक ग्रेड-3 के सर्वाधिक 1,206 पदों पर होगी नियुक्ति; 5 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती का रास्ता खोल दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत भर्ती अधिसूचना जारी की है। खास बात यह है कि कर्मचारी चयन मंडल पहली बार इन पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा।
सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद शामिल
जारी अधिसूचना के अनुसार भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद, सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30 पद, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34 पद, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 पद, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25 पद, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13 पद, पंजीयक लिपिक के 50 पद, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 पद तथा शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पद शामिल हैं।
27 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे का समय निर्धारित किया गया है।
10 जनवरी 2027 को होगी लिखित परीक्षा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा प्रदेश के पांचों संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।
स्थानीय अभ्यर्थियों को मिलेगी परीक्षा शुल्क की वापसी
छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने पर नियमानुसार परीक्षा शुल्क की राशि वापस की जाएगी। यह राशि उसी बैंक खाते में लौटाई जाएगी, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है।
भर्ती को लेकर प्रदेश के युवाओं में उत्साह की उम्मीद है। इच्छुक अभ्यर्थी पदों की योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जाकर अधिसूचना देख सकते हैं।
CG NEWS HUB
हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

