
रायपुर। छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के सामने प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण का नया केंद्र बनाने की तैयारी की जा रही है।
इस संबंध में 4 नवंबर को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने, फिल्म नीति को प्रभावी बनाने और पर्यटन विकास को गति देने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
चित्रोत्पला फिल्म सिटी को साकार करने पर जोर
बैठक में राज्य की मौजूदा फिल्म नीति के नवीनीकरण और उसे अधिक व्यावहारिक एवं प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही बहुप्रतीक्षित चित्रोत्पला फिल्म सिटी के प्रस्ताव को मूर्त रूप देने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सरकार का प्रयास है कि फिल्म निर्माताओं को शूटिंग की अनुमति और अन्य प्रक्रियाओं में सरलता, पारदर्शिता एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अधिक से अधिक फिल्म निर्माण कंपनियां छत्तीसगढ़ में शूटिंग के लिए आकर्षित हों।
प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा मंच
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग के लिए प्राकृतिक और सिनेमैटिक दृश्यों की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश के अनछुए प्राकृतिक स्थल, सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थलों को बेहतर तरीके से प्रचारित करने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में फिल्म शूटिंग के लिए उपयुक्त नए स्थलों की पहचान कर उन्हें विकसित एवं प्रोत्साहित किया जाए।
स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मिलेगा रोजगार
फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिलने से प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। होटल उद्योग, परिवहन, खानपान और अन्य सेवा क्षेत्रों को भी इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
बैठक में निफ्टेम (NIFTEM) के प्रस्तावित भ्रमण तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं और प्रशिक्षण के विस्तार से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक श्रीमती संजीता गुप्ता तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

