
डिप्लोमा के 3 और स्नातक के 8 पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश, सत्र 2026-27 के लिए प्रक्रिया प्रारंभ
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। राज्य के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख (Allied and Healthcare) क्षेत्र के 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इनमें तीन डिप्लोमा और आठ स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम शामिल हैं।
डिप्लोमा में ये तीन पाठ्यक्रम शामिल
डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, डायलिसिस टेक्नोलॉजी तथा मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी में प्रवेश दिया जाएगा।
स्नातक के आठ पाठ्यक्रमों में मिलेगा अवसर
स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ फिजिशियन एसोसिएट्स, बैचलर ऑफ साइंस हेल्थ इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट, बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ ऑप्टोमेट्री तथा बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
इन क्षेत्रों में बनाएं करियर
इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी चिकित्सा सेवाओं से जुड़े तकनीकी एवं विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग के क्षेत्र में एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई जांच सेवाओं में काम करने का अवसर मिलेगा। वहीं मेडिकल लेबोरेटरी साइंस के विद्यार्थियों के लिए पैथोलॉजी लैब, ब्लड बैंक और शोध प्रयोगशालाओं में करियर की संभावनाएं रहेंगी।
इसी तरह एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी के प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के लिए ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में कार्य के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। डायलिसिस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में डायलिसिस सेंटर एवं गुर्दा रोग विभाग तथा ऑप्टोमेट्री में नेत्र अस्पतालों और दृष्टि जांच केंद्रों में रोजगार की संभावनाएं हैं।
आवेदन से पहले आधिकारिक सूचना जरूर देखें
प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन जमा करने और शुल्क भुगतान करने से पहले संबंधित पाठ्यक्रमों की पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तिथियों एवं अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना से प्राप्त करने की सलाह दी गई है। विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करें।
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए ये पाठ्यक्रम तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर चिकित्सा क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकते हैं।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

