बांकीमोंगरा:
क्षेत्र के बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक सुखद खबर सामने आई है। बांकीमोंगरा में जल्द ही वृद्धजनों के लिए एक समर्पित भवन का निर्माण किया जाएगा, जहां उन्हें एक ही छत के नीचे सामुदायिक मेल-मिलाप और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस महत्वपूर्ण पहल को लेकर मां सिद्धिदात्री जनकल्याण समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
इसी कड़ी में समिति के सदस्यों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पुष्पगुच्छ और मालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों और विशेषकर बुजुर्गों के हित में उठाए गए इस कदम की सराहना की गई।
वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा अपना ठिकाना
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बांकीमोंगरा में वृद्धजनों के लिए एक भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस पर विकास झा ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के माध्यम से पुराने थाना के पीछे स्थित लाइन भवन का जीर्णोद्धार कर उसे बुजुर्गों के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस भवन के निर्माण से बुजुर्गों को बैठने, आपसी चर्चा करने, सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने और अपना समय सकारात्मक वातावरण में बिताने के लिए एक सुरक्षित व व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा।
स्वागत समारोह के दौरान विकास झा ने समिति और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान तथा सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर मां सिद्धिदात्री जनकल्याण समिति के अध्यक्ष, सचिव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





