
सीएमओ कटघोरा और छुरीकला को कारण बताओ नोटिस, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
कोरबा, 7 सितंबर 2026। नगरीय क्षेत्रों की सड़कों पर मवेशियों के विचरण और उनके उचित व्यवस्थापन में लापरवाही को कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मुद्रिका प्रसाद तिवारी तथा नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मोहर लाल गहवरिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी नोटिस में कहा गया है कि सड़क सुरक्षा/प्रोटोकॉल कार्यक्रम के तहत एसडीएम कटघोरा द्वारा विशिष्ट अतिथियों के संबंधित क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान सड़कों पर घूमते मवेशियों के उचित व्यवस्थापन के लिए नगरीय निकायों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद 29 अगस्त 2026 को विशिष्ट अतिथियों के भ्रमण के दौरान सड़कों पर मवेशी विचरण करते पाए गए।
कलेक्टर ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने को गंभीरता से लिया है। नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि सामान्य दिनों में भी सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के उचित व्यवस्थापन के लिए नगरीय निकायों द्वारा की गई कार्रवाई की प्रगति नगण्य है।
नोटिस में कहा गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में मवेशियों के विचरण को रोकने तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए दिए गए निर्देशों का विधिसम्मत पालन नहीं किया जाना कार्य के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। साथ ही उच्च अधिकारियों के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेना कर्तव्य के प्रति तत्परता के अभाव को प्रदर्शित करता है।
इसी के मद्देनजर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने दोनों नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

