Tuesday, September 15, 2026
HomeChhattisgarh117 वर्षों की परंपरा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गोल...

117 वर्षों की परंपरा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गोल बाजार में गणपति बप्पा के किए दर्शन

विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

रायपुर, 14 सितंबर 2026। राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणेश चतुर्थी के अवसर पर भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार रात गोल बाजार पहुंचे और श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर मंत्रोच्चार के बीच आरती की। उन्होंने विघ्नहर्ता से छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।

117 साल पुरानी परंपरा की सराहना

मुख्यमंत्री साय ने गोल बाजार में 117 वर्षों से निरंतर चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना गौरव की बात है। ऐसी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली समृद्ध परंपरा का प्रतीक भी है।

ढोल-नगाड़ों और जयकारों से हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। समिति पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं और गजमाला से अभिनंदन किया।

गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप स्थापित गणेश प्रतिमा अपनी भव्यता और आकर्षक स्वरूप के कारण हर वर्ष श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

150 वर्ष पुराने हनुमान मंदिर में भी की पूजा

भगवान गणेश के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री श्री साय गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

इस दौरान रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

CG NEWS HUB
हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments