

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर में दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का किया शुभारंभ, ट्रेड फेयर का उद्घाटन और ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन
अंबिकापुर/रायपुर, 19 सितंबर 2026।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, सेवा, परोपकार और सामाजिक जिम्मेदारी की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार और व्यवसाय के साथ उद्योगों की स्थापना, रोजगार सृजन और जनसेवा के क्षेत्र में भी अग्रवाल समाज ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी के समानता, सहयोग, करुणा और सहभागिता के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
औद्योगिक नीति से निवेश के नए द्वार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने औद्योगिक नीति 2024-30 को रोजगार केंद्रित बनाया है। इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने के साथ महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन को भी उद्योग का दर्जा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश को अब तक लगभग 8.23 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर तैयार होने की संभावना है।
स्टार्टअप और कौशल विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं की उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके लिए आगामी पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र, 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाने की योजना है। इससे युवाओं को कौशल, नवाचार, नई तकनीक और स्टार्टअप के क्षेत्र में अवसर मिलेंगे।
निर्यात प्रोत्साहन नीति से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य छोटे उद्योगों, स्थानीय उत्पादों तथा मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों से जोड़ना है।
उन्होंने सरगुजा क्षेत्र में पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए उद्यमियों से इन क्षेत्रों में निवेश के लिए आगे आने का आह्वान किया।
महिलाओं और युवाओं की भागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने अग्र महाकुंभ में महिला शक्ति और युवाओं के लिए आयोजित विशेष सत्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, स्टार्टअप और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहें, बल्कि नए उद्यम शुरू कर स्वयं के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करें।
ट्रेड फेयर का शुभारंभ, पत्रिका का विमोचन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अग्र महाकुंभ के अवसर पर लगाए गए ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर उद्यमियों से उनके उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को ‘दशम अग्र अलंकरण’ के माध्यम से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अग्रवाल समाज की सेवा परंपरा की सराहना
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान अग्रवाल समाज द्वारा जरूरतमंदों को राशन, ऑक्सीजन और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग दिए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अर्थोपार्जन के साथ परमार्थ की भावना समाज की विशेष पहचान रही है।
कार्यक्रम को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने अग्र महाकुंभ को सामाजिक उत्तरदायित्व, संगठन शक्ति और भविष्य की दिशा पर विचार करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणी महाराज, बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अमर अग्रवाल, कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल सहित देशभर से आए अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
CG NEWS HUB
हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

