बांकीमोंगरा
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 17 जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने आयोजित कार्यक्रम में चयनित हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए। स्वीकृति पत्र प्राप्त करते ही परिवारों के चेहरों पर खुशी झलक उठी और उन्होंने नगर पालिका प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगर पालिका कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष ने स्वयं हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर गरीब एवं जरूरतमंद परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने चयनित 17 हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए आवास निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा मिलने वाली राशि का सही उपयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण की योजना नहीं, बल्कि परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य से जुड़ी पहल है। पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि गुणवत्ता बनी रहे और हितग्राहियों को किस्त प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों ने पालिका अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना से उनके वर्षों पुराने अपने घर के सपने को नई उम्मीद मिली है।




