Wednesday, May 20, 2026
HomeLocalवैश्विक युद्ध संकट के बीच पेट्रोल-डीजल किल्लत पर कांग्रेस का हल्लाबोल’, बांकीमोंगरा...

वैश्विक युद्ध संकट के बीच पेट्रोल-डीजल किल्लत पर कांग्रेस का हल्लाबोल’, बांकीमोंगरा में प्रदर्शन

‘, बांकीमोंगरा में प्रदर्शन
महंगाई और ईंधन संकट को लेकर केंद्र-राज्य सरकार पर साधा निशाना, आपूर्ति सामान्य नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी


संवाददाता : प्रणय मिश्रा
बांकीमोंगरा। विश्व स्तर पर जारी युद्ध और भू-राजनीतिक तनावों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। कई देशों में कच्चे तेल की कीमतों और परिवहन लागत में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिसका असर भारत सहित अन्य देशों में भी पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और कीमतों पर पड़ रहा है। इसी बीच क्षेत्र में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार बांकीमोंगरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय आजाद के नेतृत्व में बांकीमोंगरा स्थित पेट्रोल पंप के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक दिवसीय सांकेतिक ‘हल्लाबोल’ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उसे महंगाई और ईंधन संकट के मुद्दे पर विफल बताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता परमानंद सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालातों के बावजूद सरकार आम जनता को राहत देने में पूरी तरह असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत आर्थिक नीतियों और कमजोर प्रबंधन के कारण आम लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय आजाद ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें पहले ही आम आदमी की पहुंच से बाहर थीं, ऊपर से अब ईंधन की किल्लत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है जबकि आम नागरिक घंटों लाइन में खड़े होने को मजबूर हैं।
वहीं बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष मधूसुदन दास ने कहा कि ईंधन संकट का सबसे ज्यादा असर किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है। लोगों का समय बर्बाद हो रहा है और रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इधर तरुण फ्यूल्स के संचालक रामनारायण अग्रवाल ने भी वर्तमान परिस्थितियों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध और पेट्रोलियम सप्लाई प्रभावित होने के कारण कई स्थानों पर ईंधन आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि स्थिति को सामान्य करने के प्रयास लगातार जारी हैं और आपूर्ति बहाल होते ही राहत मिलेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगाई कम करो”, “पेट्रोल-डीजल की किल्लत दूर करो” और “जनता को राहत दो” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल पंप पर ईंधन भराने पहुंचे कई नागरिकों ने भी कांग्रेस के प्रदर्शन का मूक समर्थन किया। लोगों का कहना था कि ईंधन की कमी के कारण दैनिक जीवन और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
इस सांकेतिक विरोध प्रदर्शन में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप अग्रवाल, पूर्व पार्षद पवन गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुनील पांडेय, फिरोज अनंत, ध्रुव यादव, बजरंग दास, लालू साहु, किशन महंत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments