संवाददाता : अनुज पाठक, बांकी मोंगरा
कोरबा जिले के बांकी मोंगरा स्थित सुमेधा छठ घाट में इन दिनों रेत माफियाओं की दबंगई लगातार बढ़ती जा रही है। घाट क्षेत्र में देर रात ट्रैक्टरों के माध्यम से खुलेआम अवैध रेत उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि ग्रामीणों द्वारा लगातार विरोध और शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ठोस कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रेत माफिया रात के अंधेरे में बेखौफ होकर घाट से रेत निकाल रहे हैं। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने और अवैध खनन का विरोध करने का प्रयास किया तो माफियाओं ने दबंगई दिखाते हुए खुलेआम चुनौती दे डाली। ग्रामीणों के अनुसार माफियाओं ने कहा — “तुमको जो करना है कर लो, हम तो अपना काम करेंगे।” इस धमकी भरे रवैये के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध उत्खनन के कारण घाट क्षेत्र की सड़कें खराब हो रही हैं। देर रात लगातार ट्रैक्टरों की आवाजाही से आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं छठ घाट जैसे धार्मिक और सार्वजनिक स्थल की प्राकृतिक संरचना को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन, माइनिंग विभाग एवं पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।



