

कोरबा, 28 जुलाई 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग के उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सीतामढ़ी से रेत का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर, बरमपुर से रेत का अवैध परिवहन कर रहा 1 टीपर, राताखार से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 2 हाइवा तथा रेत का अवैध परिवहन कर रहा 1 टीपर, कुसमुंडा से ईंट का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर और कटघोरा से रेत का अवैध परिवहन कर रहा 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया।
जब्त किए गए सभी वाहनों को सिटी कोतवाली थाना, सर्वमंगला पुलिस चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना तथा खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया कि खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

