प्रणय मिश्रा
कोरबा, 1 सितंबर 2026।
पटवारी विभागीय परीक्षा में निर्धारित चार अवसरों में सफल नहीं होने पर कलेक्टर कोरबा ने पटवारी हल्का नंबर-01 सपलवा, तहसील पाली में पदस्थ रविन्द्र कुमार बंजारे की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें सेवा से पृथक कर दिया है।

जानकारी के अनुसार श्री बंजारे को वर्ष 2015 में पटवारी प्रशिक्षु के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई थी। इसके बाद उन्हें पटवारी प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए पटवारी प्रशिक्षण केंद्र, बिलासपुर भेजा गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद आयोजित पटवारी विभागीय परीक्षा में वे निर्धारित चार अवसरों में भी सफल नहीं हो सके।
छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 28 अगस्त 2015 को जारी निर्देशों के अनुसार विभागीय परीक्षा में चार अवसरों में असफल रहने पर नियुक्ति समाप्त किए जाने का प्रावधान है। वहीं, आयुक्त भू-अभिलेख, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर द्वारा 13 फरवरी 2026 को जारी पत्र में भी स्पष्ट किया गया है कि छत्तीसगढ़ भू-अभिलेख नियमावली के तहत विभागीय परीक्षा में असफल प्रशिक्षणार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए पांचवां अवसर देने का प्रावधान नहीं है।
कार्यालय द्वारा 13 अगस्त 2026 को श्री बंजारे को अंतिम सूचना पत्र जारी कर 20 अगस्त 2026 तक विभागीय पटवारी परीक्षा उत्तीर्ण करने से संबंधित आदेश, राजपत्र, अंकसूची अथवा प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। हालांकि, निर्धारित समय सीमा तक उनके द्वारा परीक्षा उत्तीर्ण करने संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
इसके बाद उपलब्ध नियमों एवं शासन के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर कोरबा द्वारा 24 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया गया। आदेश के तहत रविन्द्र कुमार बंजारे की पटवारी पद पर नियुक्ति समाप्त करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया।

