हसदेव नदी में दबिश देकर 9 वाहन जब्त, कुछ वाहन नदी में फंसे मिले तो कुछ छोड़कर फरार हुए आरोपी
Pranay mishra कोरबा, 12 सितंबर 2026।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर कोरबा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं खनिज भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में हसदेव नदी के सीतामढ़ी क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों के बाद खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई की है।



खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे सीतामढ़ी क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान हसदेव नदी से रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए 9 वाहनों को जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन नदी के भीतर रेत में फंसे हुए मिले, जबकि कुछ वाहनों को उनके चालक एवं संबंधित लोग मौके पर छोड़कर फरार हो गए। नदी में फंसे वाहनों को बाहर निकालने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा की मदद ली गई।
कोतवाली थाना और खनिज जांच चौकी में रखे गए वाहन
जब्त किए गए वाहनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा एवं खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग द्वारा प्रकरणों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है।
विभाग के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
CG NEWS HUB
हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

