
34,604 अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीयन, 28,535 अभ्यर्थी परीक्षा में हुए शामिल; 82.46 प्रतिशत रही उपस्थिति
सही उत्तर पर एक अंक, गलत जवाब देने पर कटेंगे 0.25 अंक; आपत्ति दर्ज कराने के लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क निर्धारित
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा शिक्षकों की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। 26 विषयों के कुल 1812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की उत्तर पुस्तिका (रिस्पॉन्स शीट) 5 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। अभ्यर्थी 8 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक उत्तर कुंजी का मिलान कर ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भर्ती परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक विभिन्न पालियों में आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 28,535 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस तरह परीक्षा में 82.46 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
5 नवंबर दोपहर 12 बजे तक अपलोड होगी रिस्पॉन्स शीट
4 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी विषयों की रिस्पॉन्स शीट 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। अभ्यर्थी अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से अपने दिए गए उत्तरों का मिलान आधिकारिक उत्तर कुंजी से कर सकेंगे।
परीक्षा की मूल्यांकन व्यवस्था के तहत प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिया जाएगा, जबकि गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की कटौती होगी। वहीं, अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं दिया जाएगा।
प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क देकर कर सकेंगे आपत्ति
यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी में दिए गए किसी उत्तर पर आपत्ति है, तो वह 5 नवंबर दोपहर 12 बजे से 8 नवंबर 2026 दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
यदि अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाई जाती है, तो संबंधित प्रश्न के लिए जमा किया गया शुल्क वापस कर दिया जाएगा। वहीं, आपत्ति गलत पाए जाने पर शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
समय सीमा के बाद नहीं मिलेगा मौका
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ही ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराएं। उत्तर कुंजी पर प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण और निराकरण करने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों में आवश्यक सुधार किया जाएगा।
निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। उत्तर पुस्तिका जारी होने और दावा-आपत्ति दर्ज करने की सूचना अभ्यर्थियों को ई-मेल एवं एसएमएस के माध्यम से भी दी जाएगी।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

