Saturday, June 13, 2026
HomeLocalप्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा और  विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर ,...

प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा और  विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर , बांकीमोंगरा भाजपा मंडल ने चलाया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान

बांकीमोंगरा, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बांकीमोंगरा भाजपा मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं उनके द्वारा दिए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना, हर नागरिक को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना तथा पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी का भाव विकसित करना था। बढ़ते प्रदूषण, घटते हरित क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संदेश भी कार्यक्रम के माध्यम से दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृत्व, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से देशभर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता आई है। वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सतत प्रयास है।

भाजयुमो के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा ने कहा कि मां और प्रकृति दोनों ही जीवनदायिनी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ का जो भावनात्मक संदेश दिया है, वह समाज को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम बना है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में अनेक लोगों को स्वच्छ वायु, छाया और जीवन प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, भाजपा जिला मंत्री सतीश झा, मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, भाजयुमो पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, वरिष्ठ भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा, अजीत केंवट, लक्ष्मीचंद अग्रवाल, जितेन्द्र सिंह, लक्ष्मी देवांगन, मंडल महामंत्री श्रीमती अनिता राजपूत, विकेश झा, मंडल कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, सह-कोषाध्यक्ष संजय दास, युवा मोर्चा अध्यक्ष सूरज मिश्रा, युवा नेता प्रकाश झा, महिला मोर्चा अध्यक्ष शशि साहू, मंडल मंत्री गौरी केंवट, प्रणय मिश्रा, मंगलू जनार्दन, श्रीमती निर्मला सहित जिला, मंडल, बूथ स्तर के पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। सभी उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से प्रेरित होकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी सुरक्षा एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments