डिजिटल प्रशिक्षण से चुनावी तैयारी तेज, बांकी मोंगरा में भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला बूथ सशक्तिकरण का मंत्र




बांकी मोंगरा, 29 जून 2026। भारतीय जनता पार्टी मंडल बांकी मोंगरा द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, गेवरा बस्ती में डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (DLP) प्रशिक्षण मंडल का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल प्रभारी अजय दुबे ने की, जबकि मुख्य वक्ता वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगर निगम कोरबा के पार्षद तथा एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल रहे। अपने संबोधन में हितानंद अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म कार्यकर्ता निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने बूथ समिति की भूमिका, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के तरीकों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
मंडल प्रभारी अजय दुबे ने संगठनात्मक संरचना, सक्रिय सदस्य अभियान और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल दिया।
मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को प्रत्येक बूथ अध्यक्ष अपने-अपने बूथ पर बैठक आयोजित कर अन्य कार्यकर्ताओं तक पहुंचाएं, ताकि संगठन और अधिक सशक्त हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में बांकी मोंगरा मंडल जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, भाजपा जिला मंत्री श्रीमती कमला देवी बरेठ, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत कैवर्त, सुनीता पाटिल, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक संजय पांडे, मुकुल कर्ष, लखन राठौर सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी प्रभारी मुकेश अग्रवाल ने डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली और उसके उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री विकेश झा ने किया। प्रशिक्षण में मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, बूथ अध्यक्ष, सचिव, युवा एवं महिला प्रमुख, बीएलए-2, “मन की बात” प्रमुख सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

