बांकीमोंगरा 4 जुलाई




। नगर में निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही का खामियाजा अब पीएम श्री आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, मोंगरा के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के दौरान कथित रूप से गलत स्थान पर की गई नींव की खुदाई के कारण विद्यालय के मुख्य प्रवेश मार्ग पर भारी मात्रा में मिट्टी फैल गई। बारिश होते ही यह पूरा मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि निर्माण कार्य में लगा एक भारी ट्रक भी कीचड़ में फंस गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
विद्यालय के मुख्य द्वार से लेकर सड़क तक कीचड़ और फिसलन का आलम है। प्रतिदिन इसी रास्ते से छोटे-छोटे बच्चे, शिक्षक एवं अभिभावक आवागमन करते हैं। फिसलन के कारण कभी भी कोई छात्र गिरकर घायल हो सकता है। बावजूद इसके अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि मामले की जानकारी नगर निगम की सीएमओ एवं बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।
वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा करने पर उन्होंने जेसीबी और मुरूम उपलब्ध नहीं होने की बात कही। संसाधनों के अभाव का हवाला देते हुए तत्काल सुधार कार्य शुरू नहीं किया जा सका है।
विधायक प्रतिनिधि जनक राम यादव ने कहा कि विद्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। ऐसे में मुख्य प्रवेश मार्ग पर कीचड़ और फिसलन बने रहना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल जेसीबी, मुरूम एवं आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की।
अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की स्थिति प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाती है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

