
बांकीमोंगरा। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के बैनर तले रविवार, 5 जुलाई 2026 को सी-2 सामुदायिक भवन, बांकीमोंगरा में पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से बांकीमोंगरा ब्लॉक श्रमजीवी पत्रकार संघ का गठन किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों ने संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकार हितों की रक्षा तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
बैठक में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें विनोद साहू को संरक्षक, राजकुमार साहू को अध्यक्ष, अश्वनी मिश्रा को उपाध्यक्ष, राजू सैनी को सचिव, नागेंद्र सोनी को कोषाध्यक्ष, दिलीप नेताम को सह सचिव तथा प्रकाश साहू को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं दिनेश, अजीत और आशीष नाहक को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष शशिकांत डिक्सेना तथा जिला उपाध्यक्ष निशांत झा विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 8 जुलाई 2026 को श्रमजीवी पत्रकार संघ के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बांकीमोंगरा ब्लॉक की टीम सक्रिय रूप से सहभागिता निभाएगी। साथ ही पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, संगठन के विस्तार और क्षेत्र में निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

