प्रणय मिश्रा
बांकी मोंगरा, भूसड़ी पारा।

बांकी मोंगरा क्षेत्र के भूसड़ी पारा में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक 70 वर्षीय बुजुर्ग का आशियाना ढह गया। घटना 27 अगस्त 2026 की रात की बताई जा रही है। अचानक मकान के ढह जाने से बुजुर्ग रूप सिंह यादव के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
बताया जा रहा है कि रात में हुई तेज बारिश के कारण मकान कमजोर होकर ढह गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकान गिरने से बुजुर्ग रूप सिंह यादव अब पूरी तरह घर विहीन हो गए हैं।



उम्र के इस पड़ाव पर सिर से छत छिन जाने के बाद बुजुर्ग के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बारिश के मौसम में खुले आसमान के नीचे रहने की स्थिति उनके लिए और भी परेशानी का कारण बन सकती है।
प्रशासन से मदद की उम्मीद
पीड़ित बुजुर्ग ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मकान ढहने से हुई क्षति का जायजा लेकर उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर बुजुर्ग को तत्काल राहत एवं सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की अपील की है।
अब देखना होगा कि बारिश से अपना आशियाना गंवा चुके 70 वर्षीय रूप सिंह यादव की मदद के लिए प्रशासन की ओर से कितनी जल्दी कदम उठाया जाता है।

