बांकी मोंगरा प्रणय मिश्रा





विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग बांकीमोंगरा परिक्षेत्र द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के वृहद अभियान “एक पेड़ मां के नाम” के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वन मंडल अधिकारी कुमार निशांत एवं परिक्षेत्र अधिकारी शुभम मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रेमचंद पटेल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण करना चाहिए तथा लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण के जन आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा सोनी कुमारी झा ने प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है और इसके उपयोग को कम कर पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पोंसरा की सरपंच बसंती इक्का, जनपद सदस्य श्रवण कुमार, पत्रकार अरुण सांडे, अनुज पाठक सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने भी इस पर्यावरणीय उत्सव में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम का संचालन वन कर्मी संतोष कुमार रात्रे द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में डिप्टी रेंजर दीपका तथा परिक्षेत्र सहायक इन्द्रपाल कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा हरित आवरण बढ़ाने का संकल्प लेते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।


