
बाँकीमोंगरा, 10 जुलाई। नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा में आज शुक्रवार को लगभग 76.98 लाख रुपये की लागत से विभिन्न जनहित एवं आधारभूत विकास कार्यों का भूमि पूजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन शाम 4 बजे वार्ड क्रमांक 8 स्थित शिवालय मोहल्ला (जंगल साइड), बाँकीमोंगरा में होगा।
भूमि पूजन समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी झा करेंगी। इस अवसर पर प्रदेश युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष विकास झा, नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहेंगे।
भूमि पूजन के अंतर्गत जिन प्रमुख विकास कार्यों की शुरुआत होगी, उनमें वार्ड क्रमांक 8 स्थित मुक्तिधाम का 49.24 लाख रुपये की लागत से उन्नयन कार्य, मटन मार्केट का 7.86 लाख रुपये से मरम्मत कार्य, वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक 30 सिंटेक्स पानी टंकियों की स्थापना (9.94 लाख रुपये) तथा वार्ड क्रमांक 16 से 30 तक 30 सिंटेक्स पानी टंकियों की स्थापना (9.94 लाख रुपये) शामिल हैं।
नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने बताया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में पेयजल सुविधा मजबूत होगी, मुक्तिधाम में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा मटन मार्केट के जीर्णोद्धार से व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
नगर पालिका परिषद ने क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, व्यापारिक बंधुओं, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सभी नागरिकों से भूमि पूजन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विकास कार्यों के शुभारंभ के साक्षी बनने की अपील की है।

