


कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने किया शुभारंभ, कहा— जनसुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 8 स्थित शिवालय मोहल्ला (जंगल साइड) में कुल 76.98 लाख रुपये की लागत से विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों का विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने निर्माण कार्यों का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में वार्ड क्रमांक 8 में 49.24 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम उन्नयन कार्य, 7.86 लाख रुपये की लागत से मटन मार्केट मरम्मत कार्य, वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक 30 सिंटेक्स पानी टंकियों की स्थापना (9.94 लाख रुपये) तथा वार्ड क्रमांक 16 से 30 तक 30 सिंटेक्स पानी टंकियों की स्थापना (9.94 लाख रुपये) शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि मुक्तिधाम, मटन मार्केट तथा पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्य लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग थे, जिन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए नए कार्य स्वीकृत कराए जाएंगे।
पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी वार्डों में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सिंटेक्स टंकियां स्थापित की जा रही हैं। साथ ही मुक्तिधाम और मटन मार्केट के उन्नयन से नागरिकों को अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं और यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में भाजयुमो छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद संदीप डहरिया, पार्षद अश्वनी मिश्रा, राकेश अग्रवाल, लक्षण सिंह कंवर, युवा मोर्चा अध्यक्ष सूरज मिश्रा, प्रकाश झा, विधायक प्रतिनिधि रितेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, देव राजपूत, नकूल पटेल सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने का संकल्प दोहराया। वहीं उपस्थित नागरिकों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

