प्रणय मिश्रा
बांकी मोंगरा कोरबा



प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकी मोंगरा ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांकी मोंगरा मेन चौक से सोमवारी बाजार तक रैली निकालते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और आम नागरिकों के बीच अपनी बात रखी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं, नीट परीक्षा पेपर लीक मामले, बढ़ती आत्महत्याओं, लगातार बढ़ रहे बिजली बिलों तथा नकटी गांव के लोगों के साथ कथित अन्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। नेताओं का कहना था कि इन मामलों में सरकार संतोषजनक जवाब देने में असफल रही है, जिससे आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत ब्लॉक स्तर पर यह प्रदर्शन आयोजित किया गया है ताकि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि जनहित के सवालों पर कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और जनता की आवाज को लगातार बुलंद किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला ग्रामीण महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभा तंवर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आजाद, नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, प्रदीप अग्रवाल, परमानंद सिंह, सुनील पाण्डे, हेमंत साहनी, संदीप डहरिया, बजरंग दास, निक्कू कुकरेजा, लालू साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

