
बांकीमोंगरा | संवाददाता
डेली सब्जी मार्केट को लेकर चल रही चर्चाओं और आंदोलन की घोषणाओं के बीच नगर पालिका परिषद प्रशासन ने अपना स्पष्ट रुख सामने रखा है। मुख्य नगर परिषद अधिकारी ज्योत्सना टोपों ने कहा है कि डेली मार्केट को उसके वर्तमान स्थान से हटाया नहीं जाएगा, बल्कि उसी स्थान पर आधुनिक सुविधाओं के साथ उसका विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद गठन के बाद सीमित संसाधनों एवं मेन पावर की कमी के बावजूद क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही खेल मैदान, मुक्तिधाम, मंगल भवन एवं सामुदायिक भवन निर्माण जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।
मुख्य नगर परिषद अधिकारी ने कहा कि डेली मार्केट वर्षों पुराना हो चुका है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए इसे सुविधायुक्त एवं व्यवस्थित स्वरूप देने की योजना बनाई गई है, जिससे लघु एवं फुटकर व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इधर, डेली मार्केट के मुद्दे पर भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा के नेतृत्व में आंदोलन एवं नगर पालिका घेराव की घोषणा के बाद नगर में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। नगरवासियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब नगर पालिका परिषद में भाजपा समर्थित शासन कार्यरत है और आंदोलन का नेतृत्व करने वाले स्वयं भाजपा से जुड़े नेता हैं, तब अपने ही शासन के खिलाफ आंदोलन की स्थिति क्यों बनाई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी समस्या का समाधान संवाद और प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से निकाला जाना चाहिए, न कि आंदोलन और घेराव जैसी परिस्थितियां बनाकर विकास कार्यों को प्रभावित किया जाए। नागरिकों ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोगात्मक भूमिका निभाने की अपील की है।
ज्योत्सना टोपों ने आम जनता एवं व्यापारियों से अफवाहों और भ्रामक जानकारियों से दूर रहने तथा नगर विकास के कार्यों में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की

