
17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने नागरिकों से की अपील
कोरबा, 15 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करने के लिए 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। अभियान को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने दर्री मुख्य मार्ग पहुंचकर मिट्टी के दीये खरीदे और नागरिकों से भी इस जनअभियान में सहभागी बनने की अपील की।
मंत्री देवांगन ने कहा कि माटी का छोटा-सा दीपक केवल रोशनी का माध्यम नहीं, बल्कि इसमें करोड़ों देशवासियों की भावनाएं, विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा के प्रति सम्मान का भाव जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर की शाम कोरबा सहित देशभर के घर-आंगन में जब ‘आशीर्वाद का दीया’ जलेगा, तो हजारों-लाखों दीपक जनभावनाओं के एक बड़े प्रकाश में परिवर्तित होंगे। उन्होंने इसे सेवा, सुशासन, विश्वास और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प का प्रतीक बताया।
घर-आंगन में जरूर जलाएं एक दीया
मंत्री देवांगन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 17 सितंबर की शाम अपने घर-आंगन में एक दीया जरूर जलाएं। उन्होंने कहा कि यह दीपक प्रधानमंत्री के प्रति स्नेह, 25 वर्षों के सेवा समर्पण के प्रति आभार और विकसित भारत के संकल्प में विश्वास का प्रतीक बने।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प है। समाज के हर वर्ग की सहभागिता से सेवा और संकल्प की भावना और मजबूत होगी।
मंत्री ने कोरबा के नागरिकों से बड़ी संख्या में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर अभियान को यादगार बनाने का आग्रह किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रफुल्ल तिवारी, मनोज लहरे, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, तुलसी ठाकुर, पार्षद मुकुंद कंवर, भूपेंद्र साहू, भुवनेश्वर दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
CG NEWS HUB | हमर छत्तीसगढ़ हमर खबर

