




कुसमुंडा। डीएवी पब्लिक स्कूल एसईसीएल कुसमुंडा में आयोजित खेल महोत्सव के प्रथम दिवस खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना और प्रतिभा का परिचय दिया। झमाझम बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग खो-खो में एनएमडीसी नगरनार की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग खो-खो में डीएवी मुख्यमंत्री स्कूल सारबहरा की टीम विजेता रही। बालिका कबड्डी में डीएवी मुख्यमंत्री स्कूल बेमेतरा तथा बालक कबड्डी में डीएवी मुख्यमंत्री स्कूल विश्रामपुरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में बालिका हैंडबॉल एवं बालक बास्केटबॉल में डीएवी वसंत विहार बिलासपुर की टीमों ने बाजी मारी। वहीं बालक एवं बालिका दोनों वर्गों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल राजहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
खेल महोत्सव में इन प्रमुख स्पर्धाओं के अलावा तीरंदाजी, तैराकी, स्केटिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, योग, शतरंज, रस्सी कूद सहित अनेक खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 99 डीएवी विद्यालयों के 1110 खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, मेहनत और खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया। मेजबान डीएवी कुसमुंडा के प्राचार्य श्री चंद्र मोहन पाण्डेय एवं एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने विजेता टीमों को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

