
बांकीमोंगरा, 2 जुलाई। थाना बांकीमोंगरा पुलिस ने एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में हुई केबल लूट एवं मारपीट की घटना में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार थे, जिन्हें पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 की रात करीब 1:30 बजे एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में कुछ आरोपियों ने जबरन प्रवेश कर सुरक्षा कर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने करीब 100 मीटर केबल (कीमत लगभग 4 हजार रुपये) चोरी कर ली तथा सुरक्षा कर्मियों को जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।
मामले में प्रधान सुरक्षा प्रहरी संजय कुमार की रिपोर्ट पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही अर्जुन सिंह एवं एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे दीपक केवट उर्फ अंकु और सुमित कुमार मार्को को 2 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक विमल पाठक के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिन्हा के मार्गदर्शन में की गई। विवेचना उपनिरीक्षक नंदलाल टंडन ने की। कार्रवाई में पीएसआई ईश्वरी राज, प्रधान आरक्षक नरेंद्र टेकाम तथा आरक्षक हरीश मरावी, दिलेर मनहर और संजय रात्रे की भूमिका सराहनीय रही।

